नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

हरिद्वार के कनखल स्थित राजपूत पंचायती धर्मशाला में अखिल भारत हिन्दू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने की।
बैठक में संगठन ने भारत को संवैधानिक रूप से अखंड हिन्दू राष्ट्र घोषित कराने, देश में समान नागरिक कानून लागू करने, गौहत्या पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिबंध लगाने, गौमाता को राष्ट्र माता घोषित करने तथा धर्मस्थल कानून को निरस्त कराने के मुद्दों पर राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई। राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री वीरेश त्यागी ने पिछली बैठक की कार्यवाही, आय-व्यय का विवरण और आजीवन सदस्यों की सूची प्रस्तुत की, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। इसके बाद विभिन्न प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की गतिविधियों की जानकारी दी।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने कार्यकर्ताओं से संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता हिन्दू समाज के हितों की रक्षा और उनके उत्थान के लिए सदैव तत्पर रहें। साथ ही उन्होंने समाज में एकजुटता और सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।
महामंडलेश्वर स्वामी सहजानंद पुरी महाराज ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए संगठित रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही। बैठक में पारित प्रस्तावों और लिए गए संकल्पों को संगठन की आगामी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया।