
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित नोएडा, 4 सितंबर 2026। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नोएडा के सेक्टर-46, सेक्टर-51, सेक्टर-56 और सेक्टर-15 स्थित ब्रह्माकुमारी राजयोग केंद्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। चारों केंद्रों पर अलग-अलग समय में हुए आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्रह्माकुमारी राजयोगिनी लीना दीदी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए जन्माष्टमी के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पर्व मनुष्य को बाहरी उत्सव के साथ अपने अंतर्मन में आत्मिक प्रकाश और सकारात्मक गुणों को जागृत करने की प्रेरणा देता है।लीना दीदी ने श्रीकृष्ण को सोलह कला संपूर्णता और दैवीय गुणों के प्रतीक के रूप में बताते हुए कहा कि जन्माष्टमी का वास्तविक संदेश आत्मिक परिवर्तन, पवित्रता और दिव्य गुणों को जीवन में अपनाने से जुड़ा है।बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समांजन्माष्टमी समारोह में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। नन्हे कलाकारों के नृत्य और भक्ति गीत कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहे। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा और पूरे वातावरण में उत्साह के साथ आध्यात्मिक भाव भी नजर आया।कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को सात्विक प्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों के अनुसार, इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को ज्ञान, योग, सेवा और पवित्रता जैसे मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
