
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नई दिल्ली स्वास्थ्य सेवा और पुनर्वास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले नोएडा के वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ महिपाल सिंह को एम्स, नई दिल्ली में आयोजित एक प्रतिष्ठित कार्यक्रम के दौरान “हेल्थकेयर प्रोफेशनल रत्न अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके वर्षों के समर्पण, सेवा और उत्कृष्ट कार्यों की पहचान के रूप में प्रदान किया गया। यह सम्मान फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन एवं विन्सम रिहैब सेंटर, सेक्टर 70 के संस्थापक एवं निदेशक डॉ महिपाल सिंह को 11 और 12 अप्रैल 2026 को आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया। यह सम्मेलन एम्स, नई दिल्ली की जेरिएट्रिक यूनिट द्वारा जेएल ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से पुनर्वास विशेषज्ञ, फिजियोथेरेपिस्ट, ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों ने भाग लिया। डॉ महिपाल सिंह पिछले कई वर्षों से फिजियोथेरेपी और रिहैबिलिटेशन के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने न्यूरोलॉजिकल, ऑर्थोपेडिक और जेरिएट्रिक रिहैबिलिटेशन के माध्यम से हजारों मरीजों को नई जिंदगी देने का कार्य किया है। उनके इलाज और पुनर्वास पद्धति से कई मरीजों को जीवन में फिर से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। विशेष रूप से समुदाय आधारित पुनर्वास, दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क थेरेपी कैंप आयोजित करने के लिए उनका योगदान अत्यंत सराहनीय रहा है। उन्होंने अपने प्रयासों से न केवल मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार किया, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का भी कार्य किया है। सम्मेलन के दौरान विभिन्न सत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, रोगी-केंद्रित देखभाल और आधुनिक पुनर्वास तकनीकों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य क्षेत्र में नई चुनौतियों और उनके समाधान पर अपने विचार साझा किए। डॉ महिपाल सिंह को मिला यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान का प्रतीक है, बल्कि नोएडा और पूरे क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय है। उनके इस उपलब्धि से अन्य स्वास्थ्य पेशेवरों को भी प्रेरणा मिलेगी कि वे सेवा और समर्पण के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। यह अवॉर्ड इस बात का प्रमाण है कि समर्पण, मेहनत और सेवा भाव से कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मी देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।