नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में आयोजित बाराही मेला–2026 इस वर्ष सांस्कृतिक विविधता, साहित्यिक अभिव्यक्ति और लोक परंपराओं का भव्य संगम बनकर उभरा। शनिवार की शाम मेले का सबसे आकर्षक और भावपूर्ण पल साबित हुई, जब संगीत, काव्य और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम में प्रख्यात गीतकार संतोष आनंद की मौजूदगी ने विशेष आकर्षण पैदा किया। उनके मशहूर गीत “एक प्यार का नगमा है…” की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक कर दिया। पंडाल में मौजूद लोग उनके साथ सुर मिलाते नजर आए और पूरा वातावरण भावनाओं से सराबोर हो गया। काव्य संध्या में कई कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। अक्षय शर्मा ने अपने दार्शनिक विचारों से जीवन के गहरे पहलुओं को छुआ, जबकि मुकेश शर्मा ने हास्य-व्यंग्य के जरिए लोगों को खूब हंसाया। दीपक सैनी ने मिमिक्री और काव्य का अनोखा मिश्रण पेश कर माहौल को हल्का और आनंदमय बना दिया। वैभव शर्मा, भगवत शर्मा और अमित शर्मा ने भी अपनी कविताओं से कार्यक्रम में ऊर्जा बनाए रखी। कवयित्री शिखा दीप्ति की ग़ज़लों ने श्रोताओं के दिलों को छुआ, वहीं भगवत प्रसाद शर्मा ने अपने ओजपूर्ण काव्य से शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर अन्नू पहलवान, मोनिका नागर, पूजा भाटी, अमित गुर्जर और मुस्कान की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। शिव मंदिर सेवा समिति द्वारा सभी अतिथियों और कलाकारों को सम्मानित किया गया। मेले में पारंपरिक चौपाल भी आकर्षण का केंद्र रही, जहां ग्रामीण जीवन की झलक देखने को मिली। फूंस और बांस से तैयार इस चौपाल में खाट, हुक्का, बैलगाड़ी, प्राचीन कुआं और पीपल के पेड़ जैसी पारंपरिक चीजों ने लोगों को गांव की संस्कृति से रूबरू कराया। अब 13 अप्रैल को होने वाला इनामी कुश्ती दंगल मेले का अगला मुख्य आकर्षण होगा, जिसमें देशभर के पहलवान हिस्सा लेंगे। बाराही मेला–2026 ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि संस्कृति, साहित्य और संगीत का संगम समाज को जोड़ने और विरासत को संजोने का मजबूत माध्यम है।