
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित ग्रेटर नोएडा वेस्ट। सेक्टर-2 स्थित ग्राम पतवारी के सुप्रसिद्ध नव दुर्गा मंदिर प्रांगण में बुधवार को 152वें मारुति महायज्ञ का वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। यज्ञ के शुभारंभ के साथ ही पूरा मंदिर परिसर प्रभु श्रीराम और भक्त शिरोमणि हनुमान जी के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर सुख-शांति, समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।यह धार्मिक आयोजन काशी के प्रसिद्ध संत एवं यज्ञ सम्राट पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी श्री जगदीश जी महाराज के दिव्य मार्गदर्शन एवं पावन सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार स्वामी जगदीश जी महाराज, पूज्य ब्रह्मर्षि देवरहा बाबा के परम शिष्य हैं। उनके निर्देशन में विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रों के साथ यज्ञ की विधिवत पूजा-अर्चना कराई जा रही है।अग्नि प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुआ आहुति का क्रममहायज्ञ के प्रथम दिन मुख्य अतिथि के रूप में गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा अपनी धर्मपत्नी दीपिका मिश्रा के साथ पहुंचे। मुख्य यजमानों और आचार्यों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने अग्नि प्रज्ज्वलित कर महायज्ञ का शुभारंभ किया। अग्निदेव के आह्वान के साथ ही यज्ञ कुंडों में विधिवत आहुतियां देने का क्रम शुरू हुआ।इस अवसर पर नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी भी अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने यज्ञ में आहुति देकर विश्व कल्याण, शांति और समृद्धि की कामना की।20 सितंबर को पूर्णाहुति के बाद होगा विशाल भंडाराकार्यक्रम के मुख्य आयोजक महंत टीकम सिंह ने बताया कि 152वां मारुति महायज्ञ 20 सितंबर तक निरंतर चलेगा। प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक मुख्य पूजन, हवन और धार्मिक पाठ का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु इस दौरान यज्ञ की परिक्रमा कर आहुति देने के साथ धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बन सकेंगे।महायज्ञ की पूर्णाहुति 20 सितंबर को होगी। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों और धर्मप्रेमी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।फूलों और रोशनी से सजा नव दुर्गा मंदिर परिसरमहायज्ञ को लेकर नव दुर्गा मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। मंदिर प्रांगण में रंग-बिरंगे फूलों, धार्मिक ध्वजाओं और आकर्षक विद्युत सजावट से भक्तिमय वातावरण बनाया गया है। आयोजन के पहले ही दिन पतवारी गांव के साथ-साथ आसपास की सोसायटियों और दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन करने के साथ यज्ञ की परिक्रमा की और हवन कुंड में आहुति देकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की। आयोजन स्थल पर पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी सतर्कबड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति के स्वयंसेवक सक्रिय रहे। आयोजकों के मुताबिक महायज्ञ के आगामी दिनों में भी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है, जिसके मद्देनजर व्यवस्थाओं को सुचारू रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
