
औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं पर UPSIDA CEO से उद्यमियों की सीधी बातचीत।
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. बलकार सिंह ने साइट-5, कासना स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में गौतम बुद्ध नगर के औद्योगिक संगठनों और उद्यमियों के साथ बैठक कर औद्योगिक क्षेत्रों के विकास और मौजूदा समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की समस्याओं और विकास को लेकर सुझाव रखे।बैठक के बाद डॉ. बलकार सिंह ने ईपीआईपी औद्योगिक क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण कर उद्यमियों से सीधे संवाद किया और सड़क, ड्रेनेज, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।डॉ. बलकार सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता औद्योगिक क्षेत्रों को आधुनिक, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निवेश के अनुकूल बनाना है। उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के साथ आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने औद्योगिक संगठनों के साथ नियमित संवाद और समन्वय के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने की बात कही।बैठक में IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने संगठन की ओर से औद्योगिक क्षेत्रों में ड्रेनेज, सीवरेज, पेयजल, सड़क, ग्रीन बेल्ट, स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट, CCTV, ट्रांसपोर्ट पार्किंग, सार्वजनिक शौचालय और श्रमिक सुविधाओं से जुड़ी मांगें प्रमुखता से रखीं।उन्होंने कहा कि मार्च 2026 के बाद विकास एवं अनुरक्षण कार्यों की गति प्रभावित हुई है। ड्रेनों की नियमित सफाई और कूड़ा निस्तारण में कमी के कारण बारिश के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव की समस्या गंभीर हो जाती है, जिससे उद्योगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।IBA ने आधुनिक एवं कवरयुक्त RCC ड्रेनेज सिस्टम, सीवरेज व्यवस्था, पेयजल पाइपलाइन और पानी की टंकियों की स्थापना, अधूरी सड़कों को पूरा करने तथा ग्रीन बेल्ट के विकास की मांग की। इसके साथ ही नियमित सफाई, प्रकाश व्यवस्था, CCTV, पार्किंग और श्रमिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।उद्यमियों ने अनुमतियों और NOC की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था के तहत सभी सेवाओं को ऑनलाइन और समयबद्ध उपलब्ध कराने की मांग रखी। साथ ही गौतम बुद्ध नगर में ACEO स्तर के सक्षम अधिकारी की नियमित तैनाती तथा सप्ताह में कम से कम तीन दिन स्थानीय स्तर पर उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने का सुझाव दिया गया।IBA ने प्रत्येक 15 दिन अथवा महीने में औद्योगिक संगठनों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर विकास कार्यों की प्रगति और समस्याओं के समाधान की निगरानी करने की मांग भी रखी।अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि IBA समस्याओं को उठाने के साथ-साथ उनके स्थायी समाधान के लिए प्रशासन के साथ सकारात्मक सहयोग और समन्वय में विश्वास रखती है। संगठन का लक्ष्य गौतम बुद्ध नगर के UPSIDA औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं से युक्त, स्वच्छ, सुरक्षित और निवेश-अनुकूल बनाना है।बैठक के दौरान UPSIDA CEO डॉ. बलकार सिंह ने उद्यमियों की मांगों और सुझावों पर सकारात्मक विचार करते हुए औद्योगिक क्षेत्रों के समग्र विकास तथा समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।इस अवसर पर IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, जॉइंट सेक्रेटरी विकास राय, साइट-5 औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर सेक्रेटरी वीरेंद्र रावल, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
