नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा। सेक्टर-122 स्थित कम्युनिटी हॉल में फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन की ओर से 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। समारोह की खासियत दिव्यांग बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा रही। बच्चों ने अपनी मेहनत और हुनर से तैयार की गई विभिन्न कलाकृतियों के माध्यम से आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् और ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद बच्चों ने ड्राइंग प्रतियोगिता, देशभक्ति गीत, नृत्य और रिदमिक योगा की प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक करने के साथ-साथ उनका उत्साह भी बढ़ाया।बच्चों की कलाकृतियां बनीं आकर्षण का केंद्रसमारोह में दिव्यांग बच्चों द्वारा तैयार पुष्पगुच्छ, मोमेंटो, रेजिन आर्ट और राखियों की प्रदर्शनी लगाई गई। बच्चों ने अपने हाथों से तैयार कलाकृतियां अतिथियों को भेंट भी कीं। उनकी रचनात्मकता और मेहनत की अतिथियों ने जमकर सराहना की।मुख्य अतिथि डॉ. सुधांशु, पूर्व सचिव एपेडा और विमला बाथम, पूर्व अध्यक्ष महिला आयोग उत्तर प्रदेश ने बच्चों की शोकेस गैलरी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने में फाउंडेशन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।आत्मनिर्भरता ही बच्चों की असली आजादी : डॉ. महीपाल सिंहडॉ. महीपाल सिंह ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के लिए वास्तविक स्वतंत्रता आत्मनिर्भर बनना है। उन्होंने कहा कि आज बच्चे पैरामेडिकल, कौशल प्रशिक्षण और पैरा स्पोर्ट्स सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने पैरा ओलंपिक में देश का नाम रोशन करने को फाउंडेशन के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल बताया।उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियां उनके हुनर के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की क्षमता का प्रतीक हैं।समारोह के दौरान बच्चों और अतिथियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर ने स्वतंत्रता दिवस के संदेश को दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा, सम्मान और आत्मनिर्भरता से जोड़ते हुए एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया।
