
युग चक्र’ ने मोहा मन, माहेश्वरी समाज के सांस्कृतिक समारोह में दिखी सनातन संस्कृति की झलक नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित नोएडा। माहेश्वरी समाज नोएडा की ओर से 16 अगस्त 2026 को सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी सभागार में भव्य सांस्कृतिक एवं बाल प्रतिभा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेधावी छात्रों को सम्मानित करने के साथ सदस्य परिवारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण करीब 60 मिनट की सांस्कृतिक प्रस्तुति ‘युग चक्र’ रही। नृत्य, नाटिका और संवाद के माध्यम से सतयुग से कलयुग तक के युग परिवर्तन, सनातन परंपराओं, ऋषि-मुनियों की गौरवगाथा और भगवान के दिव्य अवतारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुति ने सभागार में मौजूद करीब 350 सदस्य परिवारों और मेहमानों को मंत्रमुग्ध कर दिया।माहेश्वरी समाज नोएडा के अध्यक्ष कपिल लखोटिया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजन को समाज के सदस्य परिवारों के आपसी सौहार्द, भाईचारे और समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने सांस्कृतिक आयोजन समिति की महिला सदस्यों और सभी प्रतिभागियों का अभिनंदन करते हुए शानदार प्रस्तुति के लिए आभार जताया।कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक अध्यक्ष आरपी सोनी, सचिव सुशील चांडक, कोषाध्यक्ष वासु राठी, पूर्व अध्यक्षों, पदाधिकारियों और सदस्यों के अलावा दिल्ली एवं नोएडा की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।कार्यक्रम के समापन के बाद उपस्थित सदस्यों और अतिथियों ने दिल्ली-6 की प्रसिद्ध चाट एवं विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया। आयोजन ने सामाजिक एकता, पारिवारिक सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत के प्रति समाज की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।
