NOIDA JOURNALIST PRAMOD DIXIT

NOIDA समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर ने बुधवार को SECTOR-72 स्थित ए-स्क्वायर मॉल में वीरांगना महारानी दुर्गावती का बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महारानी दुर्गावती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति को याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने की, जबकि संचालन महानगर महासचिव विकास यादव ने किया। इस अवसर पर डॉ. आश्रय गुप्ता ने कहा कि महारानी दुर्गावती ने अपने राज्य, स्वाभिमान और जनता की रक्षा के लिए संघर्ष का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी साहस नहीं छोड़ा और मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन आज भी समाज को आत्मसम्मान और संघर्ष की प्रेरणा देता है।
प्रदेश सचिव सुनील चौधरी और राकेश यादव ने कहा कि महारानी दुर्गावती भारतीय इतिहास की उन महान वीरांगनाओं में शामिल हैं जिन्होंने पराधीनता स्वीकार करने के बजाय स्वाभिमान और राष्ट्रहित के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उनके आदर्शों को अपनाकर समाज और देश के हित में कार्य करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रभारी गौरव कुमार यादव ने महारानी दुर्गावती के जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 5 अक्टूबर 1524 को चंदेल राजवंश में कालिंजर दुर्ग में हुआ था। उन्होंने अपने नेतृत्व, साहस और युद्ध कौशल के बल पर इतिहास में अमिट पहचान बनाई और आज भी देश की महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई हैं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल SECTOR-33 स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचा, जहां अधिवक्ताओं द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन को समर्थन दिया गया। अधिवक्ताओं का कहना है कि ई-रजिस्ट्रेशन व्यवस्था को निजी हाथों में सौंपे जाने से उनकी आजीविका और रोजगार प्रभावित हो सकते हैं। डीड राइटर्स और स्टांप वेंडर्स ने भी इस व्यवस्था पर चिंता जताई है।
प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलनरत अधिवक्ताओं से मुलाकात कर उनकी मांगों को सुना और उनके संघर्ष को समर्थन देने का आश्वासन दिया। समाजवादी पार्टी नेताओं ने कहा कि अधिवक्ताओं और संबंधित पेशों से जुड़े लोगों की चिंताओं का समाधान किया जाना चाहिए तथा सरकार को उनकी आजीविका से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
कार्यक्रम में विकास यादव, सुनील चौधरी, राकेश यादव, संजय त्यागी, भीष्म यादव, गौरव कुमार यादव, वीरपाल अवाना, महकार तंवर, राणा मुखर्जी, सतवीर यादव, देवेंद्र खारी, शालिनी खारी, बब्बू यादव, नकुल चौहान, एडवोकेट गौरव यादव, रामवीर यादव, बाबूलाल बंसल, सोनू त्यागी, लोकेश यादव, देवपाल यादव, विमला, प्रदीप शर्मा, जितेंद्र यादव, विजय यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
