
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित नोएडा। सेक्टर-130 समेत 5 प्रतिशत आबादी वाले सेक्टरों में अव्यवस्थित प्लॉट नम्बरिंग और लोगों को होने वाली परेशानी का मुद्दा शुक्रवार को नोएडा प्राधिकरण की जनसुनवाई में प्रमुखता से उठाया गया। सेक्टर-130 आरडब्ल्यूए के उपाध्यक्ष अशोक चौहान के नेतृत्व में निवासियों ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन सौंपकर प्लॉट नम्बरिंग को क्रमबद्ध करने और प्रत्येक मुख्य प्रवेश द्वार पर सेक्टर का विस्तृत मानचित्र लगाने की मांग की।अशोक चौहान ने बताया कि सेक्टर-130 सहित अन्य 5 प्रतिशत आबादी वाले सेक्टरों में प्लॉट नम्बरिंग अलग-अलग गांवों के संक्षिप्त नामों के आधार पर की गई है। इसके कारण एक ही श्रृंखला के प्लॉट अलग-अलग स्थानों पर स्थित हैं, जिससे नए आगंतुकों, डाक कर्मियों, डिलीवरी एजेंटों और सेवा प्रदाताओं को सही पते तक पहुंचने में काफी कठिनाई होती है।उन्होंने यह भी बताया कि सेक्टर-130 तीन अलग-अलग हिस्सों में विकसित है, लेकिन इसे ब्लॉकों में विभाजित नहीं किया गया है। इससे प्लॉट खोजने की समस्या और बढ़ जाती है। आरडब्ल्यूए ने सुझाव दिया कि सभी 5 प्रतिशत आबादी वाले सेक्टरों के मुख्य प्रवेश द्वारों पर स्पष्ट और विस्तृत सेक्टर मैप लगाए जाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति आसानी से संबंधित भूखंड तक पहुंच सके।जनसुनवाई में समस्या सुनने के बाद नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने नियोजन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लॉट नम्बरिंग व्यवस्था को क्रमबद्ध करने और समस्या के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।आरडब्ल्यूए का कहना है कि यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो हजारों निवासियों और प्रतिदिन सेक्टर में आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी तथा समय की भी बचत होगी।इस दौरान धर्मपाल चौहान और सत्येंद्र गुर्जर भी उपस्थित रहे।
