
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित ग्रेटर नोएडा। जेवर स्थित कैलाश अस्पताल में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान में विशेष ‘सम्मान एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक ईसीएचएस (ECHS) सदस्यों और उनके परिजनों ने भाग लिया। अस्पताल प्रबंधन ने सभी पूर्व सैनिकों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट किए और राष्ट्र की सेवा में उनके योगदान को नमन किया।कार्यक्रम के दौरान अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. एके सिंह ने कहा कि पूर्व सैनिक देश की अमूल्य धरोहर हैं और उनके बेहतर स्वास्थ्य की जिम्मेदारी समाज की भी है। उन्होंने कहा कि अस्पताल भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और शिविर आयोजित करता रहेगा, ताकि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।स्वास्थ्य जागरूकता सत्र में वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बढ़ती उम्र में होने वाली सामान्य एवं गंभीर बीमारियों, नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर उपचार और बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। साथ ही ईसीएचएस लाभार्थियों को उपलब्ध कैशलेस उपचार, पैनल सुविधाओं और आधुनिक चिकित्सा सेवाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।कार्यक्रम के अंत में आयोजित संवाद सत्र में पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों ने स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विस्तार से उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व सैनिकों को सम्मान देने के साथ-साथ उन्हें बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना रहा।
