
NOIDA JOURNALIST PRAMOD DIXIT NOIDA भारत में फिटनेस उपकरण निर्माण क्षेत्र की अग्रणी कंपनी जेराई फिटनेस लिमिटेड ने देश की पहली राष्ट्रीय स्तर की स्ट्रेंथ और एंड्योरेंस चैंपियनशिप ‘लास्ट वन स्टैंडिंग’ की घोषणा की है। इस प्रतियोगिता के लिए रीबॉक को आधिकारिक मर्चेंडाइज एवं फिटनेस एक्सेसरी पार्टनर बनाया गया है। आयोजन का पहला संस्करण 13 दिसंबर 2026 को मुंबई में आयोजित होगा, जिसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले संस्करण में केवल 500 प्रतिभागियों को ही अवसर दिया जाएगा।जेराई फिटनेस के प्रबंध निदेशक और इस पहल के सूत्रधार राजेश राय ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में शारीरिक गतिविधियां लगातार कम होती जा रही हैं। ऐसे समय में लोगों को अपनी वास्तविक शारीरिक और मानसिक क्षमता को पहचानने तथा स्वयं को चुनौती देने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है। ‘लास्ट वन स्टैंडिंग’ इसी उद्देश्य को लेकर शुरू किया गया है।यह प्रतियोगिता केवल पेशेवर एथलीटों तक सीमित नहीं होगी, बल्कि फिटनेस प्रेमियों, जिम जाने वालों और स्वयं को परखने की इच्छा रखने वाले आम लोगों के लिए भी खुली रहेगी। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को छह अलग-अलग फिटनेस स्पर्धाओं से गुजरना होगा, जिनमें स्क्वाट्स, बेंच प्रेस, डेडलिफ्ट, पुल-अप्स, जायंट बैट रन और एयर बाइक (साइक्लिंग) शामिल हैं। इन स्पर्धाओं के माध्यम से प्रतिभागियों की ताकत, सहनशक्ति, फुर्ती, संतुलन और मानसिक दृढ़ता का परीक्षण किया जाएगा।चैंपियनशिप 18 वर्ष से अधिक आयु के पुरुषों और महिलाओं के लिए आयोजित की जाएगी। पुरुष वर्ग को 30 वर्ष से कम और 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में विभाजित किया गया है, जबकि महिला वर्ग में 25 वर्ष से कम और 25 वर्ष से अधिक आयु की श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। प्रतिभागी सभी छह स्पर्धाओं में प्रदर्शन के आधार पर अंक अर्जित करेंगे और प्रत्येक श्रेणी में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को ‘लास्ट वन स्टैंडिंग’ का खिताब दिया जाएगा।आयोजकों के अनुसार प्रत्येक स्पर्धा के विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जबकि ओवरऑल विजेताओं को विशेष सम्मान और आकर्षक पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। प्रतियोगिता की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी प्रदर्शन प्रमाणित रेफरी की निगरानी में होंगे।कार्यक्रम में केवल प्रतियोगिता ही नहीं, बल्कि फिटनेस फेस्टिवल जैसा माहौल भी देखने को मिलेगा। प्रतिभागियों और दर्शकों के लिए क्राउड एंगेजमेंट जोन, रिकवरी एरिया, लाइव अनुभव और फिटनेस समुदाय से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजकों को उम्मीद है कि देशभर से बड़ी संख्या में प्रतिभागी इस आयोजन में हिस्सा लेंगे।फिटनेस उद्योग के तेजी से विस्तार के बीच जेराई फिटनेस का मानना है कि ‘लास्ट वन स्टैंडिंग’ आने वाले वर्षों में भारत की एक प्रतिष्ठित फिटनेस प्रतियोगिता के रूप में स्थापित हो सकती है और लोगों को स्वस्थ, सक्रिय तथा प्रतिस्पर्धी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
