
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा (गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश) नोएडा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों और गांवों में पार्कों तथा ओपन जिम की खराब स्थिति को लेकर कांग्रेस ने नोएडा प्राधिकरण पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के स्टेट कोऑर्डिनेटर एवं नोएडा विधानसभा-61 के प्रभारी सतेन्द्र शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जिन पार्कों और ओपन जिम का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण उपलब्ध कराना था, वे आज रखरखाव के अभाव में बदहाली का शिकार हो चुके हैं।
सतेन्द्र शर्मा ने कहा कि शहर के कई पार्कों में ओपन जिम के उपकरण टूटे पड़े हैं या जंग लगने के कारण उपयोग के लायक नहीं बचे हैं। बच्चों के झूले क्षतिग्रस्त हैं, पैदल चलने के ट्रैक उखड़ चुके हैं, घास की नियमित कटाई नहीं हो रही और कई स्थानों पर गंदगी का अंबार लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शाम के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को असुरक्षा का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने दावा किया कि स्थानीय लोगों ने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया। इसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है, क्योंकि नागरिक नियमित सैर और व्यायाम जैसी गतिविधियों से वंचित हो रहे हैं।
कांग्रेस ने रखीं पांच प्रमुख मांगें
कांग्रेस नेता ने नोएडा प्राधिकरण से मांग की कि सभी पार्कों और ओपन जिम का तत्काल निरीक्षण कराया जाए। टूटे हुए जिम उपकरण, झूले और अन्य सुविधाओं की शीघ्र मरम्मत कराई जाए। नियमित सफाई, घास की कटाई और पौधों के रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी पार्कों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं तथा रखरखाव के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
सतेन्द्र शर्मा ने कहा कि यदि इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर जनहित में आगे की रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने नोएडा प्राधिकरण से पार्कों और ओपन जिम की व्यवस्था में तत्काल सुधार करने की मांग की।
