
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा में 25 से 27 सितंबर तक आयोजित होने वाला राष्ट्रीय आयुष महोत्सव–आयुर महोत्सव 2026 आयुर्वेद, शोध, नवाचार और वेलनेस क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों को एक मंच पर लाएगा। सेक्टर-62 स्थित इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो सेंटर में होने वाले तीन दिवसीय आयोजन में देशभर से 5 हजार से अधिक आयुर्वेद चिकित्सकों और करीब 25 हजार प्रतिभागियों के पहुंचने की उम्मीद है।महोत्सव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को नोएडा मीडिया क्लब में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य आयुर्वेद के पारंपरिक ज्ञान को शोध, आधुनिक नवाचार और उद्योग की संभावनाओं से जोड़ते हुए राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक मंच उपलब्ध कराना है।महोत्सव का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। वहीं हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में आयुर्वेद एवं आयुष क्षेत्र के चिकित्सक, विशेषज्ञ, शोधकर्ता और उद्योग जगत के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इनमें डाबर इंडिया लिमिटेड के ग्लोबल सीईओ मोहित मल्होत्रा, श्री धूतपापेश्वर लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रंजीत पुराणिक, आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक वार्ष्णेय, डॉ. प्रदीप मुल्तानी, महर्षि आयुर्वेदा प्रोडक्ट्स के डायरेक्टर डॉ. संजय शर्मा और डॉ. संजय श्रीवास्तव सहित कई प्रमुख विशेषज्ञ शामिल हैं।शोध, उद्योग और वेलनेस पर होगा फोकसतीन दिनों के दौरान आयुर्वेद एवं आयुष से जुड़े शोध, नवाचार, उत्पाद प्रदर्शन, उद्योग संवाद, बिजनेस नेटवर्किंग तथा स्वास्थ्य और वेलनेस से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन के जरिए चिकित्सकों, शोधकर्ताओं, आयुर्वेदिक संस्थानों और उद्योग जगत के बीच संवाद और सहयोग को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।राष्ट्रीय आयुष महोत्सव 2026 का आयोजन आयुष एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (AYUSHEXCIL) और आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों ने आमजन से भी महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयुर्वेद और आयुष क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी लेने की अपील की है।
