
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित। नोएडा में छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, स्वराज और राष्ट्रभक्ति की गौरवगाथा को भव्य मंचीय प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत करने की तैयारी है। ‘जाणता राजा’ महानाट्य को लेकर आयोजित कार्यक्रम में आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने इसकी रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी साझा की।कार्यक्रम से जुड़े लोगों के अनुसार ‘जाणता राजा’ केवल एक नाट्य प्रस्तुति नहीं, बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष, नेतृत्व और स्वराज के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है। विशाल मंचन के दौरान ऐतिहासिक घटनाओं और उस दौर के परिवेश को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।इस आयोजन का संबंध दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के सेवा प्रकल्पों से भी जोड़ा गया है। कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने का आह्वान किया।नोएडा में होने वाले इस आयोजन को लेकर सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में भी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि महानाट्य के माध्यम से युवाओं और परिवारों को भारतीय इतिहास के उस अध्याय से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा, जिसमें साहस, स्वाभिमान, नेतृत्व और राष्ट्रहित के संदेश प्रमुख हैं।25 सितंबर को नोएडा में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से ‘जाणता राजा’ महानाट्य को लेकर लोगों को जानकारी दी जाएगी और इसे व्यापक स्तर पर जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
