
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
ग्रेटर नोएडा। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए), गौतम बुद्ध नगर की ओर से सेक्टर-31, इकोटेक-1 स्थित मुख्य कार्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह में उद्यमियों, कर्मचारियों, महिलाओं, बच्चों और गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।कार्यक्रम में भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल तंवर, कारगिल युद्ध के शौर्य पदक विजेता पूर्व मेजर राकेश शर्मा, भारतीय नौसेना के पदक विजेता पूर्व कैप्टन जयपाल सिंह भाटी, वरिष्ठ समाजसेवी राहुल नंबरदार और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजेश शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय एवं अतिथियों ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन हुआ। परिसर में भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिन्द के नारों से देशभक्ति का माहौल बन गया। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही इकोटेक-3 स्थित एक फैक्ट्री में आग बुझाते समय कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले दो अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।बच्चों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। अतिथियों ने अपने संबोधन में युवाओं, उद्यमियों और समाज के प्रत्येक वर्ग से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि स्वतंत्रता केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि करोड़ों वीरों के त्याग और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि व्यक्तिगत हित से ऊपर राष्ट्रहित को रखते हुए आत्मनिर्भर, विकसित और समृद्ध भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाए।कार्यक्रम में महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, उपाध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह, उपाध्यक्ष सुधीर त्यागी सहित आईबीए की कार्यकारिणी के सदस्य और बड़ी संख्या में उद्यमी, कर्मचारी, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।समारोह का समापन भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिन्द के उद्घोष के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रहित, समाजहित और जनहित को प्राथमिकता देते हुए देश को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया।
