
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित नोएडा (गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश)। सेक्टर-62 आईएमएस नोएडा ने अपने परिसर को पूर्णतः तंबाकू मुक्त बनाने और विद्यार्थियों व कर्मचारियों में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ का गठन किया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, गौतमबुद्ध नगर के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति से गठित इस समिति का उद्देश्य संस्थान में तंबाकू एवं धूम्रपान निषेध संबंधी नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना और जनजागरूकता अभियान को निरंतर गति देना है।संस्थान की ओर से गठित सात सदस्यीय प्रकोष्ठ की अध्यक्षता प्रोफेसर डॉ. वर्तिका चतुर्वेदी करेंगी, जबकि वर्षा छबारिया को समिति का संयोजक बनाया गया है। समिति नियमित रूप से विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता अभियान चलाएगी। इसके तहत शपथ ग्रहण, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं, विशेषज्ञ व्याख्यान, परामर्श सत्र और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।संयोजक वर्षा छबारिया ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि युवाओं को तंबाकू और धूम्रपान से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि परिसर में धूम्रपान और तंबाकू उत्पादों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाएगा।प्रकोष्ठ की चेयरपर्सन प्रोफेसर डॉ. वर्तिका चतुर्वेदी ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की जिम्मेदारी केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक सीमित नहीं होती, बल्कि विद्यार्थियों में स्वस्थ आदतों, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित करना भी उसकी प्राथमिकता होती है। उन्होंने कहा कि आईएमएस नोएडा नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत रहेगा तथा सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों से तंबाकू मुक्त परिसर बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की।इसी क्रम में संस्थान परिसर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं और सफाईकर्मियों को तंबाकू एवं धूम्रपान से होने वाली गंभीर बीमारियों, विशेषकर कैंसर और अन्य जानलेवा स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने तंबाकू छोड़ने के लाभ और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को तंबाकू और धूम्रपान का सेवन न करने, अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा आईएमएस नोएडा परिसर को पूर्णतः तंबाकू मुक्त बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। संस्थान प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
