
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित आईएमएस नोएडा के सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते की ओर से सितंबर माह के लिए शिक्षा उत्सव की शुरुआत की गई। पहल के माध्यम से शिक्षा के महत्व के साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।कार्यक्रम में आईएमएस के विद्यार्थियों ने शिक्षा और व्यक्तित्व विकास पर विचार साझा किए। विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के साथ समाज की प्रगति की मजबूत नींव है। बेहतर भविष्य के लिए निरंतर सीखने की प्रक्रिया को भी उन्होंने आवश्यक बताया।सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड बर्षा छबारिया ने बताया कि शिक्षा उत्सव का उद्देश्य शिक्षा तक सीमित न रहकर समाज में व्यापक जागरूकता पैदा करना और लोगों को सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करना है। यह पहल पूरे सितंबर माह तक जारी रहेगी।कार्यक्रम में नेहा जोशी ने अपशिष्ट वस्तुओं के रचनात्मक पुनः उपयोग पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि अनुपयोगी वस्तुओं का बेहतर इस्तेमाल कर कचरे को कम करने के साथ पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सकता है। वहीं लवली राजपूत ने हरित वृक्ष विषय पर विचार रखते हुए वृक्षारोपण और हरित वातावरण के महत्व पर जोर दिया।नवजोत सिंह ने पोषण पर चर्चा करते हुए संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान संवादात्मक गतिविधियों और प्रेरणादायक चर्चाओं के माध्यम से श्रोताओं को शिक्षा, पर्यावरण और स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
