
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित नोएडा। सेक्टर-62 स्थित आईएमएस नोएडा में रोटरी नोएडा ब्लड बैंक के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों और संस्थान के सदस्यों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान करीब 111 प्रतिभागियों ने स्वैच्छिक रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया।कार्यक्रम का उद्घाटन आईएमएस नोएडा के सलाहकार प्रोफेसर डॉ. जे.के. शर्मा ने किया। उन्होंने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं में सामाजिक सरोकार और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना जरूरी है।आईएमएस नोएडा के डीन–स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. गोविंद प्रसाद गोयल ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ सामाजिक मूल्यों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, सहानुभूति और सेवा भावना को बढ़ावा मिलता है।शिविर के दौरान विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने जरूरतमंदों की सहायता और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के स्वयंसेवकों, समन्वयकों और रोटरी नोएडा ब्लड बैंक की टीम का सहयोग रहा।
