Noida journalist Pramod Dixit

Noida के सेक्टर-159 स्थित ग्राम झटटा के श्री राधावल्लभ मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के तृतीय दिवस रविवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। कथा का आयोजन श्री श्री 1008 किशोरी शरण महाराज बाबा सूरदास की कृपा से किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन पहुंचकर कथा का रसपान कर रहे हैं।कथा वाचक पंडित RAKESH SHASTRI ने कथा की शुरुआत करते हुए कहा कि भागवत कथा सुनना भी ठाकुर जी की विशेष कृपा का परिणाम होता है। उन्होंने कहा कि भगवान जितनी कृपा करते हैं, भक्त को उतना ही प्राप्त होता है। यदि कोई श्रद्धालु कथा में कुछ सीखने और पाने की भावना लेकर आता है तो श्रीमद्भागवत कथा उसे जीवन का सही मार्ग दिखाती है और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है।कथा के दौरान भगवान वामन अवतार और राजा बलि के प्रसंग का विस्तार से वर्णन किया गया। कथा वाचक ने बताया कि भगवान वामन ने राजा बलि की दानशीलता, त्याग और समर्पण की परीक्षा लेकर यह संदेश दिया कि सच्चा विश्वास और समर्पण व्यक्ति को भगवान की शरण तक पहुंचाता है। कथा के इस प्रसंग को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भजनों और धार्मिक गीतों के साथ कथा का आनंद लिया। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन का भंडारा चौधरी रणजीत बोहरे परिवार की ओर से कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।कार्यक्रम के अंत में श्रीमद्भागवत भगवान की आरती उतारी गई तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इस पावन भक्ति ज्ञान यज्ञ में सुखबीर, रोहताश चौहान, बाबूराम चौहान, दयाराम एडवोकेट, जितेंद्र चौहान एडवोकेट, मनोज चौहान, बलबीर, सुंदर भाटी, जयवीर तंवर, उधम, महावीर बोहरा, हरिकिशन, बेगराज शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
