NOIDA JENERALIST PRAMOD DIXIT

ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर में रविवार को वॉकसूत्र संस्था एवं इनर व्हील क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में “
वॉकसूत्र मदर्स डे रन 2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मातृत्व सम्मान, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक संगठनों और पैरा एथलीट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्रातः 5:30 बजे आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ वॉकसूत्र संस्था के सह-संस्थापक डॉ. सुधांशु सिंह तथा इनर व्हील क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा की प्रेजिडेंट अमिता सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ मातृत्व के सम्मान को बढ़ावा देना रहा।कार्यक्रम में विशेष रूप से वृद्धाश्रमों, गैर-सरकारी संगठनों तथा वंचित समुदायों से जुड़ी माताओं को केंद्र में रखा गया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।वॉकसूत्र संस्था की संस्थापक डॉ. श्रेष्ठा सिंह ने कहा कि मां समाज की पहली गुरु और संस्कारों की आधारशिला होती हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल फिटनेस रन नहीं बल्कि समाज में संवेदना, स्वास्थ्य और कृतज्ञता की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने निवारक स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित व्यायाम और मानसिक संतुलन को जीवन का आवश्यक हिस्सा बनाने पर जोर दिया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. उर्वशी मित्तल ने कहा कि जब समाज की माताएं स्वस्थ, सम्मानित और आत्मनिर्भर होंगी तभी देश मजबूत और संवेदनशील बनेगा। उन्होंने सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।बीजेपी ग्रेटर नोएडा मंडल के मीडिया प्रभारी भगवत प्रसाद शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक था। इस आयोजन के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक समावेशिता और भावनात्मक कल्याण का संदेश प्रभावी रूप से लोगों तक पहुंचाया गया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में इनर व्हील क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा की टीम एवं विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान रेखा दबे, ललिता, मंजू गुप्ता, अनुराधा, मंजू, निशा, सारिता, रेनू, सोनम, रानी, सुधा, जोया और पूनम सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
