
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर भारतीय मजदूर परिषद के सौजन्य से 26 अक्टूबर को नोएडा में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में विभिन्न क्षेत्रों की आकर्षक झांकियां शामिल हुईं। सेक्टर-51 के होशियारपुर स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर में झांकियों का स्वागत किया गया। आयोजन के दौरान हवन-पूजन, भंडारे और श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
शोभायात्रा में सेक्टर-50, सेक्टर-78 तथा बरौला श्मशान घाट के पीछे स्थित जेजे कॉलोनी की झांकियां शामिल रहीं। यात्रा को नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिला मंत्री ओमवीर अवाना और अनिल भैया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जेजे कॉलोनी में हुआ हवन-पूजन और भंडारा
महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सेक्टर-50 स्थित जेजे कॉलोनी में हवन-पूजन और भंडारा प्रसादी का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए रवि वकील की ओर से जलपान और प्रसादी की व्यवस्था की गई।
महर्षि वाल्मीकि मंदिर में झांकियों का स्वागत
शोभायात्रा सेक्टर-51 के होशियारपुर स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर पहुंची। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष संजय धीगान ने सभी झांकियों का स्वागत एवं सम्मान किया। आयोजन में भारतीय मजदूर परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विकास गुड़िया, जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, नोएडा महानगर अध्यक्ष सोनू वाल्मीकि तथा वाल्मीकि समाज के सहयोगी सतपाल गुरुजी और उनकी टीम ने सहयोग किया।
शोभायात्रा के दौरान थाना सेक्टर-49 के प्रभारी और पुलिस टीम ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। आयोजकों के अनुसार, यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
भारतीय मजदूर परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र प्रधान ने पुलिस प्रशासन, अतिथियों, वाल्मीकि समाज, मंदिर कमेटी, संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
