
ग्रेटर नोएडा, 12 सितंबर। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) के चौथे संस्करण को सफल और सुचारु बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो में बड़ी संख्या में देश-विदेश से खरीदारों, कारोबारियों और आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन से पहले जिला प्रशासन, यातायात विभाग, आरडब्ल्यूए तथा उद्योग एवं व्यापार संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई।बैठक की अध्यक्षता गौतम बुद्ध नगर के एडीएम मंगलेंश दुबे ने की। इसमें इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के ईडी (कॉरपोरेट) एवं सीईओ सुदीप सरकार सहित नोएडा और ग्रेटर नोएडा की आरडब्ल्यूए, उद्योग एवं व्यापार संघों, जिला प्रशासन तथा यातायात विभाग के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में आगंतुकों की सुविधा, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, यातायात व्यवस्था और आयोजन स्थल के आसपास सुगम आवागमन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने स्थानीय निवासियों और ट्रेड शो में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन और आयोजन स्थल तक पहुंचने की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के सुझाव दिए। प्रशासन की ओर से इन सुझावों पर आवश्यक समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।पांच लाख आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीदएडीएम मंगलेंश दुबे ने बताया कि UPITS 2026 के B2B और B2C वर्गों में करीब पांच लाख आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में यातायात और आगंतुक प्रबंधन की पहले से मजबूत तैयारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस बार वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ODOP) के साथ उत्तर प्रदेश सरकार की पहल ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुज़ीन’ (ODOC) भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। इसके माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय स्वाद को प्रदर्शित किया जाएगा।उन्होंने लोगों से UPITS 2026 में खरीदारों और आगंतुकों के रूप में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और कारोबारी क्षमता को करीब से समझने के साथ अपने व्यवसाय को नए बाजारों तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करता है।व्यापारिक साझेदारी के खुलेंगे नए अवसरउद्योग एवं व्यापार संगठनों के साथ हुई चर्चा में अंतरराष्ट्रीय कारोबार की संभावनाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इस वर्ष रूस, ऑस्ट्रिया, जापान, सिंगापुर और वियतनाम सहित पांच देशों की भागीदारी रहेगी। इससे उत्तर प्रदेश के कारोबारियों और उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ व्यापारिक साझेदारी, सोर्सिंग, निवेश और नए बाजारों से जुड़ने के अवसर मिलेंगे।UPITS 2026 में B2B बैठकों को प्रभावी बनाने के लिए ऐप आधारित सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। खरीदार और प्रदर्शक अपनी कारोबारी जरूरतों के अनुसार संभावित साझेदारों की पहचान कर पहले से B2B बैठक निर्धारित कर सकेंगे। इससे ट्रेड शो के दौरान कारोबारी संवाद को अधिक केंद्रित और परिणामपरक बनाने में मदद मिलेगी।यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकसबैठक के दौरान जिला प्रशासन और यातायात पुलिस के अधिकारियों ने आयोजन के दौरान यातायात प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। यातायात डायवर्जन, वीआईपी मूवमेंट, परिवहन सुविधाओं, पार्किंग व्यवस्था और इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट के आसपास यातायात के सुचारु संचालन पर चर्चा हुई।अधिकारियों ने सड़कों की स्थिति और संभावित जलभराव वाले स्थानों की भी समीक्षा की, ताकि ट्रेड शो शुरू होने से पहले आवश्यक सुधार किए जा सकें और आगंतुकों तथा स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।72 देशों से विदेशी खरीदारों का पंजीकरणIEML के ईडी (कॉरपोरेट) एवं सीईओ सुदीप सरकार ने बताया कि UPITS का अंतरराष्ट्रीय दायरा लगातार बढ़ रहा है। अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं और आयोजन की तारीख नजदीक आने के साथ इनकी संख्या में और वृद्धि की उम्मीद है।विदेशी खरीदारों के साथ-साथ पार्टनर देशों और वैश्विक कारोबारी संगठनों की भागीदारी UPITS को उत्तर प्रदेश के उत्पादों और उद्यमों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बना रही है।उत्तर प्रदेश के लिए ग्लोबल मार्केटप्लेसUPITS अब केवल एक प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि उत्तर प्रदेश के लिए व्यापक कारोबारी मंच के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। यहां प्रदेश के औद्योगिक उत्पादों, हस्तशिल्प, कृषि, खाद्य, टेक्सटाइल, विनिर्माण और उभरते क्षेत्रों की क्षमताओं को देश और दुनिया के खरीदारों के सामने प्रस्तुत किया जाता है।UPITS 2026 के चौथे संस्करण का उद्देश्य ऐसा मंच तैयार करना है, जहां कारोबारियों को नए बाजार और साझेदार मिलें, खरीदारों को उत्तर प्रदेश के उत्पादों की विविधता देखने का अवसर मिले और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। प्रशासन, यातायात विभाग, स्थानीय समुदाय, उद्योग संगठनों और आयोजकों के बीच समन्वय को आयोजन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षितUPITS 2026
