
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित नोएडा (गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश) नोएडा इंडोर स्टेडियम के संचालन से जुड़े वर्ष 2021 के टेंडर को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। युवा क्रांति सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अविनाश सिंह ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नोएडा प्राधिकरण को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।अविनाश सिंह का कहना है कि मीडिया रिपोर्टों में टेंडर प्रक्रिया के दौरान कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज, भ्रामक जानकारी और तकनीकी मूल्यांकन में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। उनका आरोप है कि यदि किसी कंपनी ने गलत अनुभव प्रमाणपत्र, भ्रामक कोच प्रोफाइल या अन्य दस्तावेजों के आधार पर तकनीकी अंक प्राप्त कर टेंडर हासिल किया है, तो यह सरकारी व्यवस्था और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।उन्होंने कहा कि रिपोर्टों के अनुसार कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों एवं कोचों के नाम और प्रोफाइल का उपयोग तकनीकी मूल्यांकन में लाभ लेने के लिए किया गया। यदि संबंधित खिलाड़ियों की जानकारी या सहमति के बिना ऐसा हुआ है, तो यह उनकी प्रतिष्ठा के साथ भी गंभीर खिलवाड़ है और पूरे टेंडर की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लगाता है।अविनाश सिंह ने यह भी कहा कि इंडोर खेलों के संचालन से जुड़े टेंडर में कथित रूप से आउटडोर खेलों के कोचों की प्रोफाइल प्रस्तुत कर अतिरिक्त अंक लेने के आरोप भी सामने आए हैं। यदि जांच में यह तथ्य सही साबित होते हैं, तो तकनीकी मूल्यांकन की प्रक्रिया की दोबारा समीक्षा कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिन अधिकारियों की लापरवाही या मिलीभगत सामने आए, उनके विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में नोएडा प्राधिकरण की सभी टेंडर प्रक्रियाओं में खिलाड़ियों, कोचों और विशेषज्ञों के दस्तावेजों का स्वतंत्र सत्यापन अनिवार्य किया जाए।नोट: यह समाचार युवा क्रांति सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अविनाश सिंह द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति और उनके लगाए गए आरोपों पर आधारित है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
