
NOIDA JOURNALIST PRAMOD DIXIT NOIDA निर्जला एकादशी के अवसर पर जहां लोग धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-पाठ में व्यस्त रहे, वहीं सेक्टर-70 स्थित फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन के विशेष बच्चों ने सेवा और सामाजिक सहभागिता की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की। फाउंडेशन की ओर से सेक्टर-73 स्थित महादेव अपार्टमेंट के पास जूस, लस्सी और जलजीरा वितरण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विशेष बच्चों और उनके अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान राहगीरों, स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं को शीतल पेय वितरित किए गए। भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ इस आयोजन ने समाज में सेवा, सहयोग और अपनत्व का संदेश भी दिया। विशेष बच्चों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ लोगों की सेवा की, जिसे देखकर उपस्थित लोगों ने उनकी सराहना की।
फाउंडेशन के निदेशक डॉ. महिपाल सिंह ने बताया कि यह आयोजन केवल जूस या जलजीरा बांटने तक सीमित नहीं था, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों को आपस में जोड़ना और सामाजिक रिश्तों को मजबूत बनाना भी था। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में लोगों के बीच सामाजिक संपर्क लगातार कम होता जा रहा है, जिसका असर मानसिक स्वास्थ्य पर भी दिखाई दे रहा है। ऐसे सेवा कार्य लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज में नियमित रूप से इस तरह के कार्यक्रम होने चाहिए, जिससे लोगों में सहयोग, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके। विशेष बच्चों की भागीदारी ऐसे आयोजनों को और अधिक सार्थक बनाती है।
फाउंडेशन की सेंटर मैनेजर सुर्भी जैन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य दिव्यांग और विशेष बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उनमें आत्मविश्वास विकसित करना है। उन्होंने कहा कि जब बच्चे इस प्रकार के सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेते हैं तो उनके व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ समाज में भी सकारात्मक संदेश जाता है।
कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए सेक्टर-122 के अध्यक्ष शिव कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर फाउंडेशन की ओर से विशेष बच्चों द्वारा निर्मित हैंडवॉश और शॉल भेंट कर उनका सम्मान किया गया।
आयोजन के दौरान करीब पांच हजार लोगों को जूस, लस्सी और जलजीरा वितरित किया गया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद प्रतिभागियों ने आसपास के क्षेत्र में सफाई अभियान भी चलाया। महादेव अपार्टमेंट के निवासियों, विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों ने इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर नरेश प्रधान, अवधेश राणा, आशीष शर्मा, धर्मेंद्र सिंह नेगी, दिनेश पूनिया, गजेंद्र यादव सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि सेवा और संवेदनशीलता के छोटे-छोटे प्रयास समाज में बड़े बदलाव की नींव बन सकते हैं।
