NOIDA JURNALIST PRAMOD DIXIT NOIDA ऑटोमोबाइल सेक्टर में बढ़ती CNG वाहनों की मांग के बीच निसान मोटर इंडिया ने अपनी लोकप्रिय XUV ग्रेवाइट के लिए
सरकार द्वारा प्रमाणित CNG रेट्रोफिटमेंट किट लॉन्च

करने की घोषणा की है। कंपनी का दावा है कि यह नई तकनीक ग्राहकों को बेहतर माइलेज, कम खर्च और पर्यावरण के अनुकूल ड्राइविंग अनुभव प्रदान करेगी। खास बात यह है कि इसमें सेगमेंट में पहली बार स्मार्ट ट्विन-सिलेंडर टेक्नोलॉजी दी गई है, जिससे वाहन की उपयोगिता और स्पेस दोनों बरकरार रहेंगे। कंपनी के अनुसार ऑल-न्यू निसान ग्रेवाइट के लिए पेश की गई यह CNG किट शुरुआती चरण में देश के 16 राज्यों में उपलब्ध कराई जाएगी। इसकी शुरुआती कीमत 82,999 रुपये रखी गई है। इस लॉन्च के साथ कंपनी CNG सेगमेंट में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में है। निसान एंड इन्फिनिटी के डिवीजनल वाइस प्रेसिडेंट एवं मिडल ईस्ट, KSA, CIS और भारत के प्रेसिडेंट थियरी सबाग ने कहा कि कंपनी ग्राहकों की जरूरतों और बदलती बाजार मांग को ध्यान में रखते हुए नई तकनीक लेकर आई है। उन्होंने बताया कि स्मार्ट ट्विन-सिलेंडर टेक्नोलॉजी के जरिए वाहन में 7-सीटर मॉड्यूलैरिटी और बेहतर यूजएबिलिटी बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया है। कंपनी का कहना है कि ग्रेवाइट CNG को इस तरह डिजाइन किया गया है कि किट लगने के बाद भी तीसरी पंक्ति में पर्याप्त जगह बनी रहे। इससे यात्रियों को आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा और रोजमर्रा के उपयोग में भी कोई परेशानी नहीं होगी। सामान्य CNG वाहनों में अक्सर बूट स्पेस और सीटिंग क्षमता प्रभावित होती है, लेकिन नई तकनीक के जरिए इस समस्या को काफी हद तक दूर करने का प्रयास किया गया है। ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच CNG वाहन ग्राहकों के लिए किफायती विकल्प बनते जा रहे हैं। ऐसे में निसान ग्रेवाइट CNG का लॉन्च बाजार में प्रतिस्पर्धा को और बढ़ा सकता है। खासकर बड़े परिवारों और लंबी दूरी तय करने वाले ग्राहकों के लिए यह विकल्प आकर्षक माना जा रहा है। कंपनी ने यह भी दावा किया है कि CNG किट पूरी तरह सरकार द्वारा प्रमाणित है और इसे सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इससे वाहन की परफॉर्मेंस और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित होंगी। पर्यावरण के लिहाज से भी यह कदम अहम माना जा रहा है, क्योंकि CNG वाहनों से प्रदूषण अपेक्षाकृत कम होता है। ऑटोमोबाइल बाजार में सीएनजी वाहनों की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए कई कंपनियां लगातार नए मॉडल और तकनीक पेश कर रही हैं। ऐसे में निसान की यह नई पेशकश ग्राहकों को बेहतर माइलेज, कम खर्च और अधिक सुविधा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
