NOIDA JURNALIST PRAMOD DIXIT Greater Noida स्वास्थ्य सेवाओं को दूर-दराज के इलाकों तक पहुंचाने की दिशा में यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, ओमेगा-1,

GREATER NOIDA ने एक नई पहल करते हुए “सैटेलाइट क्लिनिक” सेवा की शुरुआत की है। इस परियोजना के तहत अस्पताल परिसर में अत्याधुनिक कमांड सेंटर स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से अब दूरस्थ क्षेत्रों के मरीज विशेषज्ञ डॉक्टरों से सीधे जुड़ सकेंगे। यथार्थ हॉस्पिटल की इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। इसी के साथ फ़र्रूख़ाबाद में यथार्थ की पहली सैटेलाइट क्लिनिक सेवा भी शुरू कर दी गई। फ़र्रूख़ाबाद स्थित क्लिनिक का उद्घाटन सांसद मुकेश राजपूत ने किया। इस नई व्यवस्था के जरिए अब ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को बड़े शहरों के अस्पतालों तक बार-बार यात्रा करने की आवश्यकता नहीं होगी। मरीज अपने नजदीकी सैटेलाइट क्लिनिक में बैठकर ही यथार्थ हॉस्पिटल के सुपर स्पेशलिटी डॉक्टरों से ऑनलाइन परामर्श ले सकेंगे। ओमेगा-1 स्थित कमांड सेंटर को अत्याधुनिक डिजिटल तकनीक से लैस किया गया है। यहां से विशेषज्ञ डॉक्टर विभिन्न सैटेलाइट क्लिनिकों से रियल-टाइम में जुड़ेंगे और मरीजों को इलाज, सेकेंड ओपिनियन, नियमित फॉलो-अप और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह प्रदान करेंगे। यथार्थ हॉस्पिटल के ग्रुप सीईओ अमित सिंह ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य लोगों को उनके घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से उन क्षेत्रों तक भी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं, जहां अब तक ऐसी सेवाओं की उपलब्धता सीमित रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में देश के विभिन्न हिस्सों में और अधिक सैटेलाइट क्लिनिक स्थापित किए जाएंगे, ताकि आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ाया जा सके। यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के सीओओ एवं फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ. सुनील कुमार बलियान ने कहा कि यह पहल केवल स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि सैटेलाइट क्लिनिक मॉडल से मरीजों को समय पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह और उपचार मार्गदर्शन आसानी से मिल सकेगा। डॉ. बलियान ने कहा कि इस तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवा प्रणाली से मरीजों का समय और यात्रा खर्च दोनों कम होंगे तथा उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी। यथार्थ हॉस्पिटल, ओमेगा-1, ग्रेटर नोएडा आने वाले समय में इस मॉडल का विस्तार विभिन्न राज्यों और शहरों में करने की तैयारी कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।
