NOIDA JURNALIST PRAMOD DIXIT

NOIDA ग्राम विकास संगठन NOIDA के संयोजक डीपी चौहान के नेतृत्व में शुक्रवार को NOIDA प्राधिकरण के बोर्ड रूम में किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता NOIDA प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश पाल ने की। करीब दो घंटे चली इस बैठक में किसानों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्राम विकास संगठन NOIDA के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि बैठक में विशेष कार्याधिकारी क्रांति शेखर, अरविंद कुमार, महाप्रबंधक नियोजन, महाप्रबंधक अशोक कुमार अरोड़ा तथा महाप्रबंधक एसपी सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान ग्राम विकास संगठन की ओर से तीन प्रमुख प्रतिवेदन अधिकारियों के समक्ष रखे गए। इनमें अर्जित भूमि के सापेक्ष किसानों को 10 प्रतिशत आबादी भूखंड दिए जाने, आबादी को “जहां है जैसी है” के आधार पर डिनोटिफाइड करने तथा NOIDA प्राधिकरण के अंतर्गत आने वाले गांवों को मॉडल ग्राम के रूप में विकसित किए जाने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही। संयोजक डीपी चौहान ने बैठक में किसानों का पक्ष मजबूती से रखते हुए शासनादेश, बोर्ड बैठक के आदेश और सरकारी गजट सहित विभिन्न दस्तावेज अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि NOIDA प्राधिकरण क्षेत्र के 81 गांवों के किसानों को उनके अधिकारों के अनुरूप 10 प्रतिशत आबादी भूखंड दिए जाने चाहिए और आबादी क्षेत्रों को यथास्थिति के आधार पर डिनोटिफाई किया जाना चाहिए। बैठक के दौरान अधिकारियों ने ग्राम विकास संगठन द्वारा प्रस्तुत तथ्यों और दस्तावेजों का गंभीरता से परीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों ने संगठन के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि किसानों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने के लिए जल्द कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना था कि किसानों और प्राधिकरण के बीच लगातार उत्पन्न हो रहे विवादों और आंदोलनों को समाप्त करने के लिए समाधान निकालना आवश्यक है। डीपी चौहान ने बैठक को सकारात्मक बताते हुए कहा कि किसानों को उम्मीद है कि जल्द ही NOIDA प्राधिकरण उनकी समस्याओं का समाधान करेगा और लंबे समय से लंबित मांगों पर ठोस निर्णय लिया जाएगा। बैठक में ग्राम विकास संगठन NOIDA के संयोजक डीपी चौहान, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान और सत्येंद्र गुर्जर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
