
खिलाड़ियों की नीलामी में दिखा जबरदस्त उत्साह 80 युवा खिलाड़ियों पर लगी बोली, 10 फ्रेंचाइजी टीमों ने चुनी अपनी ताकत NOIDA JOURNALIST PRAMOD DIXIT NOIDA जूनियर क्रिकेट चैंपियनशिप (जेसीसी) सीजन-8 का शुभारंभ रविवार को नोएडा के होटल पार्क एसेंट में आयोजित भव्य प्लेयर ऑक्शन के साथ हुआ। अंडर-15 वर्ग के 80 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की नीलामी के दौरान खेल प्रेमियों और टीम प्रबंधन में खासा उत्साह देखने को मिला। 10 फ्रेंचाइजी टीमों ने युवा खिलाड़ियों को अपनी टीमों में शामिल कर आगामी मुकाबलों के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व बीसीसीआई क्रिकेटर एवं जेसीसी के फाउंडर चेयरमैन राज यादव ने किया। समारोह में नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी और उद्योगपति एवं समाजसेवी पीयूष द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने सीजन-8 की ट्रॉफी और टीमों की जर्सी का अनावरण कर नए सत्र की औपचारिक शुरुआत की।प्लेयर ऑक्शन के दौरान विभिन्न फ्रेंचाइजी टीमों के बीच खिलाड़ियों को लेकर प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। टीम मालिकों और कोचों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन, प्रतिभा और क्षमता को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक तरीके से चयन किया। आयोजन में शामिल कई पूर्व क्रिकेटर इस बार टीमों के मालिक और कोच की भूमिका में नजर आए, जिससे युवा खिलाड़ियों को अनुभवी मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।टूर्नामेंट में वीवीआईपी लिटिल चैंप्स, बॉडीकेयर रॉयल्स, नोएडा टाइगर्स समेत कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के दौरान इन टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। कार्यक्रम में पूर्व भारतीय महिला क्रिकेटर लतिका कुमारी की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल के प्रति समर्पण और अनुशासन का संदेश दिया।आयोजन में खेल, मीडिया और कॉर्पोरेट जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए जेसीसी की पहल की सराहना की। आयोजकों का कहना है कि जूनियर क्रिकेट चैंपियनशिप का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना, उनकी प्रतिभा को निखारना और उन्हें भविष्य के बड़े अवसरों के लिए तैयार करना है।सीजन-8 को लेकर खिलाड़ियों, अभिभावकों और क्रिकेट प्रेमियों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। आगामी दिनों में टूर्नामेंट के मुकाबले शुरू होंगे, जहां युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने और क्रिकेट जगत में पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। आयोजकों को उम्मीद है कि इस सत्र से कई नई प्रतिभाएं सामने आएंगी, जो भविष्य में बड़े स्तर पर अपनी छाप छोड़ेंगी।
