
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित नई दिल्ली/नोएडा, गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के 24 अकबर रोड स्थित केंद्रीय कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम से नोएडा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुलाकात कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के स्टेट कोऑर्डिनेटर एवं बड़ौत-बागपत प्रभारी सतेन्द्र शर्मा ने किया। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।राजेंद्र पाल गौतम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना, संगठन को मजबूत करना और जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया।बैठक में मौजूद नेताओं ने विश्वास जताया कि राजेंद्र पाल गौतम के संगठनात्मक अनुभव से प्रदेश में कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलेगी। अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय सचिव लियाकत चौधरी ने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रही है और आगे भी जनहित के संघर्ष को जारी रखेगी। वहीं प्रदेश सदस्य यतेन्द्र शर्मा ने संगठन को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक सक्रिय बनाने पर जोर दिया।बैठक के दौरान प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर सहमति जताई।बैठक के अंत में नोएडा कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राजेंद्र पाल गौतम को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कर्मवीर बुद्ध, लियाकत चौधरी, सतेन्द्र शर्मा, नरेंद्र शर्मा, यतेन्द्र शर्मा, विक्रम चौधरी सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
