NOIDA JURNALIST PRAMOD DIXIT NOIDA देशभर में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में भारतीय किसान यूनियन मंच ने शुक्रवार को गौतम बुद्ध नगर स्थित डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन

NOIDA संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए परीक्षा व्यवस्था में सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। भारतीय किसान यूनियन मंच के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। संगठन ने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, उत्तर प्रदेश में एसएससी परीक्षा निरस्त होने और सीबीएसई कॉपी मूल्यांकन में सामने आई अनियमितताओं को लेकर चिंता व्यक्त की। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल त्यागी ने कहा कि लगातार सामने आ रही परीक्षा संबंधी घटनाएं छात्रों और युवाओं के भविष्य पर गंभीर प्रभाव डाल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे छात्रों में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है। महासचिव मनविंद्र भाटी ने कहा कि परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं के कारण अनेक छात्रों को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए, ताकि छात्रों का विश्वास बहाल हो सके। ज्ञापन में संगठन ने मांग की कि यदि किसी कारणवश नीट जैसी परीक्षाओं का पुनः आयोजन किया जाता है तो अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने, ठहरने और भोजन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ का सामना न करना पड़े। भारतीय किसान यूनियन मंच ने परीक्षा घोटालों और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कठोर कानून बनाने की मांग भी उठाई। संगठन का कहना है कि ऐसे मामलों में शामिल दोषियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके साथ ही संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े लगातार विवादों और अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ज्ञापन सौंपने के बाद संगठन ने छात्रों और युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर आगे भी आवाज उठाने की बात कही।
