NOIDA JURNALIST PRAMOD DIXIT NOIDA भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से नोएडा में जून माह के अंतिम सप्ताह में तीन दिवसीय भरतनाट्यम

वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा। यह विशेष कार्यशाला Gen Z आयु वर्ग के बच्चों और किशोरों को भारतीय संस्कृति, कला और अभिव्यक्ति की गहराइयों से परिचित कराने के लिए आयोजित की जा रही है। आयोजकों के अनुसार 26, 27 और 28 जून को आयोजित होने वाली इस वर्कशॉप में 10 से 15 वर्ष आयु वर्ग के शुरुआती और इंटरमीडिएट स्तर के प्रतिभागियों को भरतनाट्यम की मूलभूत तकनीकों और सिद्धांतों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर-11, एल-101, मेट्रो हॉस्पिटल के निकट किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को भरतनाट्यम का इतिहास, इसकी सांस्कृतिक महत्ता, मूल मुद्राएं, हस्त मुद्राएं, पैरों की थिरकन, ताल की समझ और सरल अड़वू (कदम) सिखाए जाएंगे। इसके साथ ही अभिनय, भाव-भंगिमा और कहानी कहने की कला पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला की प्रशिक्षक डॉ. कल्पना भूषण होंगी, जिन्हें भरतनाट्यम शिक्षण और मंचीय प्रस्तुतियों का लगभग 40 वर्षों का अनुभव है। गुरु-शिष्य परंपरा में प्रशिक्षित डॉ. कल्पना भूषण एक प्रतिष्ठित कलाकार और कोरियोग्राफर हैं तथा युवा विद्यार्थियों को आधुनिक और संवादात्मक तरीके से प्रशिक्षण देने के लिए जानी जाती हैं। आयोजकों का कहना है कि आज के डिजिटल युग में युवा पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना बेहद आवश्यक है। भरतनाट्यम केवल एक नृत्य शैली नहीं, बल्कि अनुशासन, अभिव्यक्ति, संस्कृति और आत्मविश्वास का समन्वय है। यह कार्यशाला प्रतिभागियों को कला के साथ-साथ भारतीय परंपराओं की गहरी समझ भी प्रदान करेगी। वर्कशॉप की कुल अवधि लगभग सात घंटे होगी और प्रतिभागियों के लिए शुल्क 700 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रतिभागियों को अभ्यास के लिए आरामदायक वस्त्र, घुंघरू, पानी की बोतल, नोटबुक और रिकॉर्डिंग के लिए मोबाइल फोन साथ लाने की सलाह दी गई है। इच्छुक अभिभावक एवं प्रतिभागी पंजीकरण और अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9810013717 पर संपर्क कर सकते हैं।
