
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित नोएडा। विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन की ओर से 7 और 8 सितंबर को दो दिवसीय फिजियोथेरेपी एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। नोएडा के अलावा जौनपुर, देहरादून और प्रयागराज स्थित केंद्रों पर आयोजित शिविर में करीब 263 मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।इस वर्ष शिविर का मुख्य फोकस स्ट्रोक एवं हृदय रोगों की रोकथाम, प्रबंधन और पुनर्वास पर रहा। कार्यक्रम में भारत सरकार के राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि फिजियोथेरेपी को केवल दिव्यांगजनों तक सीमित नहीं समझना चाहिए, बल्कि यह सामान्य लोगों के स्वास्थ्य, रोगों की रोकथाम और बेहतर जीवनशैली में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध कवि शंभू शिखर ने डॉ. महिपाल का पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया। शिविर में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अलग-अलग विषयों पर लोगों को जानकारी दी। डॉ. महिपाल ने वर्क रिलेटेड डिसऑर्डर्स, डॉ. दीक्षा ने न्यूरो एवं स्ट्रोक पुनर्वास, डॉ. सुष्मिता ने गायनी संबंधी समस्याओं तथा डॉ. प्रीति ने सीपीआर के माध्यम से जीवन रक्षा के बारे में जानकारी दी।इसके साथ ही प्रतिभागियों को एरोबिक एक्सरसाइज और स्ट्रेचिंग का प्रशिक्षण भी दिया गया। फिजियोथेरेपिस्ट अभिनव प्रताप सिंह ने मरीजों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।आयोजकों के अनुसार शिविर का उद्देश्य लोगों को फिजियोथेरेपी के महत्व, रोगों की रोकथाम और पुनर्वास के प्रति जागरूक करना रहा। चार केंद्रों पर आयोजित इस पहल में मरीजों और प्रतिभागियों की भागीदारी ने स्वास्थ्य जागरूकता के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाया।
