
समय संदेश टाइम्स संवाददाता दीपू जैन सीतापुर (उत्तर प्रदेश)। राष्ट्रवादी ब्राह्मण समाज 28वां स्थापना दिवस इस वर्ष 27 सितंबर को सीतापुर जिले के पवित्र तीर्थ स्थल चक्रतीर्थ, नैमिषारण्य में आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर जिला अध्यक्ष संजय शुक्ला के आवास पर संगठन की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई और विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।बैठक की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम प्रसाद अवस्थी ने की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी ब्राह्मण समाज पिछले 28 वर्षों से समाज के उत्थान, शिक्षा, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक एकजुटता के लिए लगातार कार्य कर रहा है। स्थापना दिवस समारोह संगठन की इस यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव होगा, जिसमें देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग शामिल होंगे।प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र नारायण अग्निहोत्री ‘किशन’ ने कहा कि संगठन प्रत्येक वर्ष स्थापना दिवस समारोह का आयोजन करता है। इस वर्ष चक्रतीर्थ, नैमिषारण्य की पावन भूमि को आयोजन स्थल के रूप में चुना गया है। उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं, समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों, चिकित्सकों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को संगठन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।बैठक में कार्यक्रम को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया। साथ ही विभिन्न जिलों और मंडलों के पदाधिकारियों से कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की गई।संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नैमिषारण्य की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता के बीच आयोजित होने वाला यह स्थापना दिवस समारोह सामाजिक समरसता, शिक्षा और सेवा के संदेश को और मजबूत करेगा।बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष राम प्रसाद अवस्थी, प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र नारायण अग्निहोत्री ‘किशन’, रमेश बाबू मिश्रा, शिवशंकर लाल तिवारी, संजय शर्मा, जिला अध्यक्ष संजय शुक्ला, प्रमोद तिवारी, नीरज शुक्ला सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
