नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

राजस्थान कल्याण परिषद नोएडा द्वारा सेक्टर-121 स्थित द रोमेन बैंक्वेट हॉल में होली महोत्सव का आयोजन उत्साह और परंपरागत उल्लास के साथ किया गया। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और फूलों की होली ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना डॉ. अनु सिन्हा एवं उनकी टीम ने फाउंडेशन फॉर कृष्ण कला एंड एजुकेशन सोसाइटी के सहयोग से चेरी नृत्य, घूमर और होलिका दहन पर आधारित मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। संस्था की महिला सदस्यों द्वारा प्रस्तुत महारास नृत्य ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया और ब्रज संस्कृति की छटा बिखेरी।
समारोह के दौरान परिषद के अध्यक्ष दिनेश माहेश्वरी ने सभी सदस्यों और गणमान्य अतिथियों का चंदन तिलक लगाकर स्वागत किया। इसके बाद उपस्थित जनों ने एक-दूसरे के साथ फूलों की होली खेलकर रंगों के पर्व का आनंद लिया। पूरे आयोजन में उल्लास, सौहार्द और सामाजिक एकता का वातावरण देखने को मिला।
होली महोत्सव के संयोजक विजय सोनी रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन पारूल माहेश्वरी ने किया। आयोजन में आर.पी. सोनी, महेंद्र शाह, अंजनी सर्राफ, जी.सी. माहेश्वरी, अनिल अग्रवाल, आर.सी. बजाज, जुगल किशोर भारती, राजीव गुप्ता, विश्वनाथ पारीक, प्रकाश ईनाणी, विक्रम अग्रवाल, जी.सी. पारीक, अनिल जैन सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम रंग, संस्कृति और आपसी भाईचारे के संदेश के साथ संपन्न हुआ।