Noida संवाददाता प्रमोद दीक्षित

Noida ग्राम झटटा सेक्टर-159 स्थित श्री राधावल्लभ मंदिर में ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित
श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण के बीच हुआ।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे क्षेत्र में भक्ति गीतों और जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
कलश यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर ग्राम के विभिन्न मार्गों से निकाली गई। यात्रा में श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव के साथ शामिल हुए। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध कथाव्यास पं. राकेश शास्त्री ने अपने मुखारविंद से श्रीमद् भागवत महात्म्य का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है और जन्म-जन्मांतर के पापों का नाश करता है। उन्होंने भक्तों को धर्म, भक्ति और सत्कर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए। पंडाल में उपस्थित लोगों ने कथा श्रवण के साथ भजन-कीर्तन का भी आनंद लिया। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं, जिससे पूरे कार्यक्रम में अनुशासन एवं उत्साह का माहौल बना रहा।
इस पावन भक्ति ज्ञान यज्ञ महोत्सव में सुखबीर, रोहताश चौहान, बाबूराम चौहान, मनोज, कालूराम, हरिराम, दयाराम एडवोकेट, जितेन्द्र चौहान एडवोकेट, संजय शर्मा, संजय चौहान, बीरसिंह, फूलसिंह, हरिकिशन, महाबीर बोहरा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ग्रामवासियों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजन समिति ने बताया कि आगामी दिनों में कथा के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा, जिसमें दूर-दराज से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
