
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित ग्रेटर नोएडा, गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा का रविवार को तिलपता स्थित भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिला एवं मंडल पदाधिकारियों, युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में पार्टी समर्थकों ने पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रोहित मिश्रा ने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य करेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता के समर्थन से भाजपा लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाएगी।भाजपा प्रदेश मंत्री महामेधा नागर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा युवाओं को नेतृत्व देने और उनकी ऊर्जा को राष्ट्रहित में लगाने के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. रोहित मिश्रा के नेतृत्व में युवा मोर्चा प्रदेशभर में संगठन को और अधिक मजबूत करेगा।जिला अध्यक्ष एडवोकेट अभिषेक शर्मा ने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा संगठन की सबसे मजबूत ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा संगठन के आगामी अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक एकता और उत्साह का माहौल देखने को मिला। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावी और जनसंपर्क अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर महामेधा नागर, सुखविंदर सोम, अनुज कश्यप, वीरेंद्र भाटी, धर्मेंद्र कोरी, सतेन्द्र नागर, अरुण प्रधान, अरुण यादव, राज नागर, करमवीर आर्य, शक्ति रावल सहित भाजपा और युवा मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
