
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। सेक्टर-62 स्थित आईएमएस नोएडा में फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस ‘ला फेत नेशियोनाल (बैस्टिल डे)’ के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। बीबीए एवं बीसीए तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य फ्रेंच भाषा के प्रति रुचि विकसित करना और विद्यार्थियों को फ्रांसीसी संस्कृति, परंपराओं एवं भाषा से परिचित कराना था।कार्यक्रम का आयोजन आईएमएस नोएडा की फ्रेंच फैकल्टी मुस्कान वाधवा के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने फ्रेंच भाषा में अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।आईएमएस की डीन सीआरसी एवं मैनेजमेंट डॉ. वर्तिका चतुर्वेदी ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस का उत्सव मनाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को फ्रेंच भाषा के व्यावहारिक उपयोग का अवसर प्रदान करना भी है। इससे उनकी संप्रेषण क्षमता, आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और विभिन्न संस्कृतियों को समझने की क्षमता विकसित होती है।कार्यक्रम संयोजक मुस्कान वाधवा ने बताया कि आयोजन के दौरान फ्रेंच क्विज़, फ्रेंच रोल प्ले, फ्रेंच एक्सटेम्पोर (तात्कालिक भाषण) और फ्रेंच फैशन रैंप वॉक जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें 50 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने उत्कृष्ट उच्चारण, भाषाई दक्षता और प्रस्तुति कौशल का परिचय दिया।प्रतियोगिताओं में रोहित कुमार ने फ्रेंच क्विज़, ले पासे म्युरेय टीम ने फ्रेंच रोल प्ले, कनक ने फ्रेंच फैशन रैंप वॉक तथा कृतिका पांडेय ने फ्रेंच एक्सटेम्पोर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक प्रतियोगिता के उपविजेताओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर विजेता एवं उपविजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।
