NOIDA JURNALIST PRAMOD DIXIT NOIDA महानगर कांग्रेस कमेटी NOIDA ने शनिवार को SECTOR-52 स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया प्रदेश में विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास

जनहित के मुद्दों को उठाने वालों के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं स्टेट कोऑर्डिनेटर सोशल मीडिया पवन शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न मोर्चों पर विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के नेताओं को पीड़ित परिवारों से मिलने से रोका जा रहा है तथा उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। पवन शर्मा ने हाल के कुछ घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को एक पीड़ित परिवार से मिलने के दौरान प्रशासनिक बाधाओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार आम जनता और पीड़ितों की आवाज उठाने का कार्य कर रही है। महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों और योजनाओं में पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भ्रष्टाचार के मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। मुकेश यादव ने कहा कि कांग्रेस पारदर्शिता और जवाबदेही की पक्षधर है। उन्होंने मांग की कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े सभी लोगों की संपत्तियों और कार्यों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि जनता के सामने सच्चाई आ सके। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और अपराध की घटनाओं को लेकर आम जनता में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने सरकार से कानून व्यवस्था को मजबूत करने और भ्रष्टाचार के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। प्रेस वार्ता में महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश यादव, प्रवक्ता पवन शर्मा, महानगर महासचिव रामकुमार शर्मा, कार्यालय प्रभारी अरुण प्रधान तथा सतीश पांचाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
