नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा। थाना फेस-3 पुलिस ने शादी का झांसा देकर शोषण, ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन के दबाव जैसे गंभीर आरोपों में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से मामले में अहम प्रगति हुई है।
पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को पीड़िता द्वारा थाना फेस-3 में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विकास कुमार उर्फ मोहम्मद रमीज ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी और ब्लैकमेल करते हुए पैसे व जेवर हड़प लिए। इसके साथ ही आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के भी गंभीर आरोप लगाए गए थे।
मामले की जांच के दौरान आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की और 19 मार्च 2026 को थाना कोतवाली छतरपुर क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय विकास कुमार उर्फ मोहम्मद रमीज के रूप में हुई है, जो जनपद छतरपुर के नया मोहल्ला ताज कॉलोनी का निवासी है। वह 10वीं पास बताया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 111/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं, एससी/एसटी एक्ट, आईटी एक्ट और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिरोध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।