नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा। भारतीय किसान यूनियन मंच के पदाधिकारियों ने सेक्टर-6 स्थित नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक कार्यालय पहुंचकर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करूणेश को ज्ञापन सौंपा और किसानों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने किसानों को आश्वासन दिया कि गांवों और किसानों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों और नोएडा प्राधिकरण के बीच किसी प्रकार का गतिरोध नहीं होने दिया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल त्यागी ने कहा कि किसान नोएडा के विकास के साथ-साथ अपने और अपने बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाना चाहता है। इसलिए किसानों की समस्याओं के समाधान और गांवों के विकास पर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है।
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने कहा कि प्रस्तावित समीक्षा बैठक के दौरान किसानों की औद्योगिक मंत्री से सीधी वार्ता कराई जानी चाहिए, ताकि वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान हो सके। उन्होंने बताया कि हाई पावर कमेटी की सिफारिशें, 450 से 1000 मीटर आबादी का प्रस्ताव, 18 वर्ष की अविवाहित बेटियों को लीजबैक में शामिल करने का मुद्दा, 10 प्रतिशत प्लॉट और 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजे जैसे कई महत्वपूर्ण विषय लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित हैं।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि औद्योगिक मंत्री के साथ किसानों की बैठक नहीं कराई गई तो प्रस्तावित समीक्षा बैठक का विरोध किया जाएगा और घेराव भी किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रमोद त्यागी, सुरेन्द्र प्रधान, अशोक चौहान, मुनेश प्रधान, मीनू चौहान, बीर सिंह टाइगर, आशीष चौहान, रिंकू यादव, डीपी चौहान, राजकुमार, सतेन्द्र सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।