नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नोएडा आगमन के अवसर पर भाजपा नोएडा महानगर इकाई की ओर से कार्यकर्ताओं को उनसे भेंट का अवसर मिला। यह मुलाकात जिला अध्यक्ष महेश चौहान तथा गौतमबुद्ध नगर जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें कुछ बूथ अध्यक्षों और शक्ति केंद्र संयोजकों ने भी सहभागिता की।
भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार इस पहल से संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला अध्यक्ष महेश चौहान और अभिषेक शर्मा के साथ संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में जिले में संचालित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। जिला अध्यक्षों ने मुख्यमंत्री के समक्ष किसानों को पांच प्रतिशत आबादी प्लॉट शीघ्र उपलब्ध कराने तथा विभिन्न सेक्टरों में लंबित विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने का आग्रह रखा। उन्होंने कहा कि इन विषयों के समाधान से बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रस्तुत बिंदुओं पर सकारात्मक संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। साथ ही किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर नवाब सिंह नागर, विमला बाथम, योगेंद्र शर्मा, फोनरवा अध्यक्ष विपिन मल्हन, विनोद शर्मा, राजकुमार बंसल, मनोज चौहान, भूपेश चौधरी, अर्पित मिश्रा सहित बूथ अध्यक्ष और शक्ति केंद्र संयोजक उपस्थित रहे। भाजपा पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद विकास कार्यों को गति मिलेगी और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण होगा।