नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा। सेक्टर-62 स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस) में आयोजित तीन दिवसीय गोल्डन गोल कप ओपन फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। दिनभर चले मुकाबलों में विभिन्न टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन की शुरुआत प्रथम राउंड से हुई। इस चरण में बेनेट यूनिवर्सिटी और आईएमएस टीम-ए ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। दोनों टीमों ने सटीक पासिंग, मजबूत रक्षापंक्ति और आक्रामक रणनीति के बल पर विपक्षी टीमों को दबाव में रखा। दो टीमों की अनुपस्थिति के कारण डीजी वॉरियर्स और गलगोटिया यूनिवर्सिटी को वॉकओवर दिया गया।
बृहस्पतिवार को खेले गए दूसरे राउंड के मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। गोल हंटर टीम ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए एमयूआईटी नोएडा को 7-0 से हराया। जेएसएस कॉलेज ने संतुलित रणनीति के साथ जेएमएस एकेडमी को 3-1 से पराजित किया। दिल्ली वॉरियर्स ने सिम्बायोसिस के खिलाफ 4-0 की प्रभावशाली जीत दर्ज की, जबकि आजाद एफसी ने पीवीएफसी को 3-0 से शिकस्त दी। दूसरे राउंड के अंतिम मुकाबले में बेनेट यूनिवर्सिटी ने आईएमएस टीम-ए को 6-0 से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
आईएमएस नोएडा की स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर रीना मैसी ने जानकारी दी कि क्वार्टर फाइनल के पहले मुकाबले में जेएसएस कॉलेज ने गोल्डन एफसी को 7-2 से हराकर सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता के अंतर्गत क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले बृहस्पतिवार को खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजन को और अधिक जीवंत बना दिया। आयोजकों ने उम्मीद जताई है कि आगामी मुकाबले भी इसी प्रकार रोमांच और प्रतिस्पर्धा से भरपूर रहेंगे।