नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा। सेक्टर-116 स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर समर्पण दिवस कार्यक्रम श्रद्धा और सम्मान के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष महेश चौहान के नेतृत्व में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री चंद्र मोहन सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल और पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर मुख्य रूप से मौजूद रहे। सभी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
प्रदेश मंत्री चंद्र मोहन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्रसेवा और संगठन निर्माण के लिए समर्पित रहा। ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही योजनाओं को इसी विचारधारा का विस्तार बताया।
राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि एकात्म मानववाद की विचारधारा आज भी राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए प्रासंगिक है। उनके अनुसार राजनीति को सेवा का माध्यम बनाने की सोच ने भारतीय लोकतंत्र को नई दिशा दी। उन्होंने प्रदेश में विकास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, विदेशी निवेश, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश नई आर्थिक ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
जिला अध्यक्ष महेश चौहान ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा स्रोत है। संगठन को परिवार की तरह चलाने और सेवा को प्राथमिकता देने की परंपरा को आगे बढ़ाना ही सच्चा सम्मान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लें।
कार्यक्रम में उमेश त्यागी, डिंपल आनंद, गणेश जाटव, महेश अवाना, विनोद शर्मा, धर्मेंद्र गुप्ता, भूपेश चौधरी, अर्पित मिश्रा, रामकिशन यादव, शशिधर उपाध्याय, नीरज चौधरी, प्रदीप चौहान, मनीष तिवारी, दीनबंधु कुमार, सत्यनारायण महावर, प्रज्ञा पाठक, राजेंद्र अवाना, अशोक मिश्रा, अमित नागपाल, सुशील अवाना, शारदा चतुर्वेदी, उमेश पहलवान, मनोज चौहान, प्रमोद बहल सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।