
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित नोएडा, गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश)। सेक्टर-62 आईएमएस नोएडा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का परिचय देते हुए प्रतिष्ठित द वीक–हंसा रिसर्च सर्वे 2026 में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के पत्रकारिता, फैशन डिजाइन और विधि शिक्षा से जुड़े प्रमुख संस्थानों को देश की शीर्ष निजी शिक्षण संस्थाओं में स्थान मिला है।सर्वे के अनुसार, आईएमएस स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन को देश के निजी पत्रकारिता संस्थानों की श्रेणी में 9वीं रैंक प्राप्त हुई है। वहीं आईएमएस–डिज़ाइन एंड इनोवेशन अकादमी ने निजी फैशन डिजाइन संस्थानों में 8वां स्थान हासिल किया। इसके अलावा आईएमएस लॉ कॉलेज को देश के निजी लॉ कॉलेजों में 14वीं रैंक मिली, जबकि उत्तर भारत के शीर्ष पांच लॉ संस्थानों में भी उसने अपनी जगह बनाई।इस उपलब्धि पर आईएमएस नोएडा के प्रेसिडेंट राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार आधारित शिक्षण प्रणाली और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता, विधि और फैशन डिजाइन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में मिली सफलता शिक्षकों के समर्पण, विद्यार्थियों की मेहनत और पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल है।आईएमएस नोएडा के वाइस प्रेसिडेंट चिराग गुप्ता ने कहा कि संस्थान उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम, आधुनिक शिक्षण पद्धति और व्यावहारिक शिक्षा पर लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी आईएमएस नोएडा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करेगा।संस्थान के डीन, विभागाध्यक्षों और शिक्षकों ने इस उपलब्धि का श्रेय टीमवर्क, शोध आधारित शिक्षण, समयानुकूल पाठ्यक्रम, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी को दिया। उनका कहना है कि संस्थान भविष्य में भी शिक्षा की गुणवत्ता को और सुदृढ़ करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
