अखिल भारत हिन्दू महासभा ने प्रधानमंत्री को भेजा पत्र, दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग

NOIDA JOURNALIST PRAMOD DIXIT
NOIDA अखिल भारत हिन्दू महासभा ने अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कथित गड़बड़ियों और चढ़ावे की धनराशि के दुरुपयोग के आरोपों की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने कहा कि मीडिया में प्रकाशित समाचारों के आधार पर ट्रस्ट में चढ़ावे की राशि के कथित गबन और दुरुपयोग की जानकारी सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में ट्रस्ट के कुछ कर्मचारियों की संलिप्तता की बात सामने आ रही है तथा कुछ ट्रस्टियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। इस तरह की घटनाओं से देशभर के राम भक्तों की भावनाएं आहत होती हैं और धार्मिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न लगते हैं।
डॉ. शर्मा ने प्रधानमंत्री से मांग की कि पूरे प्रकरण की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जाए ताकि सत्य सामने आ सके और दोषियों को कानून के अनुसार दंड मिल सके। उन्होंने कहा कि जांच पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए, जिससे आम जनता का विश्वास बना रहे।
अखिल भारत हिन्दू महासभा ने अपने पत्र में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पुनर्गठन की भी मांग की है। संगठन का कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या जिम्मेदारी तय होती है तो संबंधित लोगों को हटाकर नई व्यवस्था बनाई जानी चाहिए।
संगठन ने उम्मीद जताई है कि केंद्र सरकार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित निर्णय करेगी और श्रद्धालुओं की भावनाओं के अनुरूप आवश्यक कदम उठाएगी।
