नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित

नोएडा भारतीय जनता पार्टी नोएडा महानगर द्वारा सेक्टर-116 स्थित जिला कार्यालय में जन आक्रोश महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान सभागार “महिलाओं के सम्मान में भाजपा मैदान में” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा, जिससे राजनीतिक माहौल गर्म नजर आया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में बिमला बॉथम और सुषमा सिंह मौजूद रहीं। सम्मेलन का आयोजन जिला अध्यक्ष महेश चौहान के नेतृत्व में किया गया, जबकि संचालन शारदा चतुर्वेदी ने किया। मुख्य अतिथि बबीता सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं और समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। पूर्व अध्यक्ष बिमला बॉथम ने कहा कि सरकार ने महिलाओं को केवल वादों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें वास्तविक अधिकार और सम्मान दिया है। वहीं पूर्व उपाध्यक्ष सुषमा सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। जिला अध्यक्ष महेश चौहान ने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों से महिलाओं के जीवन में ऐतिहासिक बदलाव आया है और पार्टी महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम के समापन पर महिलाओं ने जन आक्रोश मार्च निकाला और विपक्ष के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। सम्मेलन में शहर की कई महिला कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।
