
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित नोएडा। सेक्टर-62 स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस) नोएडा में शुक्रवार को ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के दौरान परिसर देशभक्ति के रंग में नजर आया। विद्यार्थियों ने गीत-संगीत, कविता, भाषण और नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वतंत्रता संग्राम के उन गुमनाम नायकों को श्रद्धांजलि दी, जिनके संघर्ष और बलिदान ने देश की आजादी की नींव मजबूत की।कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता आंदोलन के विभिन्न पहलुओं को प्रभावी ढंग से सामने रखा। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आजादी के आंदोलन से जुड़ी अनकही कहानियों को मंच पर उतारा गया, जबकि देशभक्ति गीतों और कविताओं ने माहौल को भावनात्मक बना दिया। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय और वक्तव्यों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, त्याग और संघर्ष को याद किया।आईएमएस नोएडा के वाइस प्रेसिडेंट चिराग गुप्ता ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्र की पहचान नहीं, बल्कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को देश के इतिहास और स्वतंत्रता के मूल्यों से जोड़ने के साथ उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और गौरव की भावना विकसित करते हैं।उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, नवाचार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।आईएमएस कल्चरल क्लब की हेड मीतु चौधरी ने बताया कि विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी के सामने रखने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने के लिए ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। आयोजन ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों से जोड़ने के साथ जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका समझने का संदेश दिया।
