
Samay sandesh Times NOIDA JOURNALIST PRAMOD DIXIT नोएडा। शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए उच्च प्राथमिक विद्यालय गढ़ी शाहदरा की कक्षा आठ की छात्रा तनु ने हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता में जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उसकी इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ ग्राम शाहदरा और पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।दनकौर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में आयोजित प्रतियोगिता में तनु ने अपनी लेखन क्षमता, विषय की समझ और विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की कला के दम पर जनपद में पहला स्थान हासिल किया। उसकी इस सफलता को मेहनत, नियमित अभ्यास और पढ़ाई के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।छात्रा की उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनीता गुसाईं ने खुशी जताते हुए उसे बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत है उसे पहचानने, निखारने और सही दिशा में आगे बढ़ने के अवसर देने की। तनु की सफलता दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें पढ़ाई के साथ साहित्यिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करेगी।इस उपलब्धि के पीछे विद्यालय की शिक्षण टीम का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा। विद्यार्थियों की प्रतिभा को आगे लाने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत शिक्षिकाओं एवं शिक्षक में गीतिमा सिंह, स्वाति यादव, सुनीता त्रिपाठी, अनीता यादव, सरोज कुमारी, आस्था सिंह और भूपेंद्र शर्मा का योगदान सराहनीय रहा है।विद्यालय परिवार ने तनु की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय का विश्वास है कि तनु अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर आगे भी नई सफलताएं हासिल करेगी और शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाएगी।विद्यालय परिवार के लिए यह उपलब्धि केवल एक प्रतियोगिता में मिली जीत नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को सही मार्गदर्शन मिलने पर सामने आने वाली संभावनाओं का भी प्रमाण है।
