
नोएडा संवाददाता प्रमोद दीक्षित
नोएडा। रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) आज पूरी दुनिया के सामने जनस्वास्थ्य की गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और अनुचित इस्तेमाल भविष्य में सामान्य संक्रमणों के उपचार को भी मुश्किल बना सकता है। इसी चुनौती के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वास्थ्य व्यवस्था में फार्मासिस्टों की भूमिका को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को एमिटी विश्वविद्यालय, नोएडा में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया।फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI), नई दिल्ली की ओर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली के फार्मेसी संस्थानों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘स्वस्थ भारत: रोगाणुरोधी प्रतिरोध से मुकाबला’ रखी गई। आयोजन में करीब 1,500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें फार्मेसी के विद्यार्थी, शिक्षक, फार्मासिस्ट, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, शोधकर्ता और औषधि उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि शामिल रहे।कार्यक्रम की शुरुआत रोगाणुरोधी प्रतिरोध के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से निकाली गई जागरूकता रैली से हुई। इसके बाद आयोजित उद्घाटन सत्र में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. मोंटुकुमार एम. पटेल, विशिष्ट अतिथि एवं PCI कार्यकारी परिषद सदस्य डॉ. अतुल के. नासा, संयोजक एवं केंद्रीय परिषद सदस्य प्रो. (डॉ.) विभु सहानी तथा सह-संयोजक एवं केंद्रीय परिषद सदस्य संदीप बडोला उपस्थित रहे। एमिटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) बलविंदर शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत किया।कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं संबद्ध विज्ञान संकाय के डीन प्रो. (डॉ.) बी.सी. दास ने रोगाणुरोधी प्रतिरोध और उससे उत्पन्न होने वाली चुनौतियों पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। उन्होंने इस विषय की गंभीरता और स्वास्थ्य सेवाओं में जागरूकता की आवश्यकता को रेखांकित किया। इसके बाद स्वास्थ्य सेवा एवं औषधि क्षेत्र के विशेषज्ञों ने पैनल चर्चा के माध्यम से एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण इस्तेमाल और AMR की रोकथाम के उपायों पर विचार साझा किए।विद्यार्थियों की प्रतिभा और वैज्ञानिक समझ को प्रोत्साहित करने के लिए कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें फार्मास्यूटिकल क्विज, वैज्ञानिक पोस्टर प्रस्तुतिकरण, रील निर्माण, साइ-टून्स, सूचना-पत्र निर्माण और नुक्कड़ नाटक प्रमुख रहे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने रचनात्मक तरीके से रोगाणुरोधी प्रतिरोध के खतरों और दवाओं के जिम्मेदार उपयोग का संदेश दिया।समापन सत्र में PCI के सह-संयोजक एवं केंद्रीय परिषद सदस्य प्रो. (डॉ.) आकाश वेद, केंद्रीय परिषद सदस्य दिनेश मदान तथा विधि समिति एवं व्यावसायिक फार्मेसी तथा जनसंपर्क समिति के सदस्य बलदेव कुमार शामिल हुए। इस दौरान एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी की नोडल अधिकारी प्रो. (डॉ.) स्वाति मदान ने कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। धन्यवाद ज्ञापन आईएफटीएम विश्वविद्यालय, मुरादाबाद के प्रो-वाइस चांसलर (अनुसंधान एवं विकास), डीन एवं सह-समन्वयक डॉ. नवनीत वर्मा ने किया।इस राज्य स्तरीय आयोजन का संचालन एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, एमिटी विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश, नोएडा ने किया। कार्यक्रम का समन्वय संस्थान के प्रमुख प्रो. (डॉ.) हवागिरे आर. चितमे के नेतृत्व में किया गया।आयोजन के माध्यम से फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया ने यह संदेश दिया कि दवाओं का सही इस्तेमाल, एंटीबायोटिक के प्रति जिम्मेदार व्यवहार और जनजागरूकता ही रोगाणुरोधी प्रतिरोध की चुनौती से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही भविष्य के फार्मासिस्टों को स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी जिम्मेदारी समझने और समाज को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
